
सीएचसी महमूदाबाद की 40 साल पुरानी पानी की टंकी बनी खतरा, जर्जर होने से जलापूर्ति ठप, हादसे की आशंका
महमूदाबाद, सीतापुर
महमूदाबाद स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में बनी लगभग 40 वर्ष पुरानी पानी की टंकी पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। टंकी की खस्ताहाल स्थिति के चलते अस्पताल में पानी की नियमित सप्लाई भी प्रभावित हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि टंकी किसी भी समय गिर सकती है, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
सीएचसी महमूदाबाद क्षेत्र का प्रमुख सरकारी अस्पताल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। वहीं अस्पताल परिसर से सटा रोडवेज बस स्टैंड होने के कारण दिनभर यात्रियों और बसों की आवाजाही भी रहती है। ऐसे में जर्जर टंकी लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन गई है।
स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि टंकी का जल्द तकनीकी निरीक्षण कराया जाए। यदि टंकी उपयोग के लायक नहीं है तो उसे तत्काल हटाकर नई पानी की टंकी का निर्माण कराया जाए, ताकि अस्पताल में सुचारु जलापूर्ति बहाल हो सके और किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।