
रामकुंड चौराहा सौंदर्यीकरण कार्य ठप, खुदी सड़क से बढ़ी जाम की समस्या
महमूदाबाद, सीतापुर।
रामकुंड चौराहे के सौंदर्यीकरण को लेकर सरकार से मिली मंजूरी के बाद शुरू हुआ निर्माण कार्य अब अधर में लटकता नजर आ रहा है। पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा कराए जा रहे इस कार्य के तहत चौराहे से दोनों ओर 100-100 मीटर लंबाई तक 1.81 मीटर सड़क चौड़ीकरण होना है, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही से पूरा काम ठप पड़ा हुआ है।
बताया जा रहा है कि ठेकेदार द्वारा सड़क के दोनों किनारों को खोद तो दिया गया, लेकिन करीब बीस दिन बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ सका है। नतीजतन, यह व्यस्त चौराहा अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। रोजाना यहां जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि कार्य शुरू होने के समय महमूदाबाद के उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि निर्माण कार्य तेजी से और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। इसके बावजूद ठेकेदार पर इन निर्देशों का कोई असर नहीं दिखाई दे रहा है।
अब सवाल यह उठ रहा है कि प्रशासन इस लापरवाही पर कब कार्रवाई करेगा और कब तक आम जनता को इस समस्या से राहत मिलेगी। लोगों की निगाहें एक बार फिर उपजिलाधिकारी के अगले कदम पर टिकी हैं।