
अवैध कब्जा हटाने पहुंची राजस्व टीम पर हमला, तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
अनुज कुमार जैन
महमूदाबाद /सीतापुर
नवीन परती भूमि पर अवैध कब्जा हटाने पहुंची राजस्व टीम पर कब्जाधारकों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि टीम के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी देते हुए जातिसूचक गालियां दी गईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महमूदाबाद क्षेत्र के घुरेहटा गांव निवासी इंद्रपाल ने ग्राम पंचायत की गाटा संख्या 86/0.114 हेक्टेयर नवीन परती भूमि के एक हिस्से पर अवैध रूप से कब्जा कर दीवार खड़ी कर ली थी। यह मामला तहसीलदार न्यायालय में विचाराधीन था, जिसका निस्तारण 31 अक्टूबर 2025 को हो गया था। न्यायालय द्वारा अवैध कब्जा हटाने के लिए बेदखली आदेश जारी किया गया था।
बुधवार को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में नायब तहसीलदार राकेश पाल, लेखपाल रजनीश सोनकर, कृतिका सिंह व प्रदीप शाह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान आरोप है कि इंद्रपाल अपने बेटे राम प्रताप और पत्नी गायत्री के साथ मौके पर पहुंच गया और राजस्व टीम पर हमला कर दिया।
हमले में लेखपाल रजनीश सोनकर के साथ मारपीट की गई तथा उन्हें जातिसूचक गालियां दी गईं। साथ ही पूरी टीम को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
लेखपाल कृतिका सिंह की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।