
भीषण आग से चार परिवार बेघर, शादी की खुशियां मातम में बदली
अनुज कुमार जैन
महमूदाबाद-सीतापुर:
महमूदाबाद क्षेत्र के ग्राम बनियनपुरवा (बिलासपुर कलां) में बुधवार दोपहर भीषण आग लगने से चार परिवारों की जिंदगी उजड़ गई। आग की चपेट में आकर चार झोपड़ियां और पशु बाड़े पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि पीड़ित मायावती के घर आगामी 20 अप्रैल को तिलक और 5 मई को शादी होनी थी। शादी की सारी तैयारियां, सामान और करीब ₹1.60 लाख नकद आग में जलकर नष्ट हो गया, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
हालांकि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कई मवेशी झुलस गए। सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री और भोजन उपलब्ध कराया। वहीं नुकसान का आकलन कर आगे की सहायता प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।