
विद्यालय में पुरस्कार एवं परीक्षा परिणाम वितरण समारोह आयोजित
अनुज कुमार जैन
महमूदाबाद, सीतापुर।
शिव श्री शिव शंकर लाल स्मारक शिक्षण संस्थान, वार्ड बीबीपुर महमूदाबाद में विद्यालय प्रांगण में पुरस्कार एवं परीक्षा परिणाम वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य उमाशंकर मिश्रा ने कहा कि विद्यालय छात्र-छात्राओं को राष्ट्र का भावी सुयोग्य नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रहते, बल्कि बच्चों को संस्कारित करने में भी अपना अमूल्य योगदान देते हैं। शिक्षा के माध्यम से ही समाज और राष्ट्र की उन्नति संभव है।
उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि अभिभावकों को बेटियों की पढ़ाई में पीछे नहीं रहना चाहिए। साथ ही कम अंक पाने वाले छात्रों को निराश न होकर और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा दी, जबकि अच्छे अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को निरंतर परिश्रम जारी रखने की सलाह दी।
इस अवसर पर पूर्व प्राथमिक वर्ग में दिव्यांश कश्यप, फातिमा जहरा एवं पीयूष सैनी, प्राथमिक वर्ग में तनज फातिमा, जैनब खातून एवं फैजान तथा उच्च प्राथमिक वर्ग में दिव्या सोनी, दिवाकर एवं आदित्य कुमार को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर पुरस्कृत किया गया।
इसी क्रम में विभिन्न कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले अनेक छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ उपस्थिति के लिए इरम हाशमी, दिवाकर और अनिकेत को विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संपूर्ण सत्र में उत्कृष्ट शिक्षण कार्य, नियमित उपस्थिति एवं अच्छे व्यवहार के लिए शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जबकि संचालन परीक्षा प्रभारी कालिका प्रसाद श्रीवास्तव ने किया।