
वाराणसी में नाव पर बिरयानी के बाद बीयर पार्टी, डीजे लगाकर किया डांस, अब ऐक्शन लेगी पुलिस
वाराणसी में नाव पर बिरयानी पार्टी के बाद अब बीयर पार्टी का वीडियो वायरल हो गया। एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है जिसमें गंगा में कई सारी नाव दिख रही हैं। वीडियो को लेकर पुलिस ने संज्ञान लिया है।
वाराणसी में नाव पर बिरयानी पार्टी के बाद अब बीयर पार्टी का वीडियो वायरल हो गया। एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है जिसमें गंगा में कई सारी नाव दिख रही हैं। एक नाव पर लोगों ने डीजे भी लगा रखा है, जिस पर गाने पर बजाए जा रहे हैं। इसके अलावा नाव पर बैठकर कुछ लोग बीयर पार्टी भी करते नजर आ रहे हैं। हालांकि वीडियो कब का और कहां का है इसको लेकर हिंदुस्तान पुष्टि नहीं करता है। वहीं पुलिस ने भी वीडियो की जांच कराकर कार्रवाई करने की बात कही है।
सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है। चिह्नित लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि पिछले रविवार को अष्टमी के दिन हर वर्ष की भांति नाविकों द्वारा अदलपुरा स्थित शीतला धाम में बधावा ले जाया जाता है। नाविक समाज के लोग धूमधाम से नाव और बज़रे पर सवार होकर जाते हैं। वीडियो भी इसी दौरान का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। माँ गंगा निषादराज सेवा न्यास की ओर से कहा गया है कि यह मामला निंदनीय है। माझी समाज इस कृत्य के विरुद्ध है।
पिछले महीने नाव पर इफ्तार पार्टी का वीडियो हुआ था वायरल
पिछले महीने वाराणसी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में कुछ लोग गंगा में नाव पर बैठकर इफ्तार पार्टी कर रहे थे। लोगों ने बिरयानी खाकर उसकी बोटियां गंगा में डाली थीं। ये मामला काफी सुर्खियों में रहा था। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भी भेज चुकी है।
गंगा में नाव पर बैठकर शराब पीने का वीडियो वायरल, दो गिरफ्तार
इसी तरह का मामला बदायूं से भी सामने आया है। उसहैत थाना क्षेत्र के भुंडी गंगा घाट का है। यहां भुंडी गांव के रहने वाले सलीम पुत्र सत्तार और नवी रसूल पुत्र अली शेर ने गंगा नदी में नाव पर बैठकर शराब पीने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया। वीडियो में एक नाबालिग भी उनके साथ दिख रहा है, जो कह रहा है कि वह उनकी पत्नियों से शिकायत करेगा। इस पर सलीम और नवी रसूल उससे पहले कुछ खाने को कहते हैं, और जब वह नहीं मानता है तो उसके हाथ में भी शराब का गिलास दे देते हैं। हालांकि पुलिस अभी यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि दोनों लोग बच्चे के साथ वास्तव में शराब पी रहे थे या सिर्फ सोशल मीडिया के लिए रील बना रहे थे।
वीडियो में नाव पर शराब का पैकेट, नमकीन और खाने के लिए खीरा भी रखा हुआ दिखाई दे रहा है। मामले में थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद सलीम और नवी रसूल को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों लोग शराब का सेवन कर रहे थे या केवल सोशल मीडिया के लिए वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे।