
पोस्टमार्टम में खुलासा कारोबारी की लापता पत्नी की गला घोंटकर की गई थी हत्या, पति-देवर पर मुकदमा दर्ज
लखनऊ : बीबीडी थाना क्षेत्र के रहने वाले कारोबारी की लापता पत्नी की गला घोंटकर हत्या की गई थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात का खुलासा होने पर केस में नया मोड़ आ गया है. पुलिस ने विवाहिता के भाई की तहरीर के आधार पर हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में पति व देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस घरेलू विवाद और साजिश का मामला मान रही हैं. हालांकि गुत्थी सुलझाने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है.
अमेठी के गठेहरी बेसन गांव निवासी पूनम की शादी 24 साल पहले गोंडा निवासी दीप कुमार सिंह के साथ हुई थी. दीप कुमार सिंह फिलवक्त लखनऊ बीबीडी थाना क्षेत्र में रहता है. पूनम के भाई भानु प्रताप सिंह के अनुसार 29 दिसंबर को ससुराल पक्ष ने पहले पूनम के साथ एक्सीडेंट की सूचना दी थी. बाद में बताया कि पूनम ने इंदिरा नहर में छलांग लगा दी है और उसका पता नहीं चल रहा है. इस मामले में 2 जनवरी को भानु की ओर से बीबीडी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी. बीती 28 जनवरी को रायबरेली के हरचंदपुर क्षेत्र में इंदिरा नहर से एक महिला का शव बरामद हुआ. जिसकी पहचान पूनम के रूप में हुई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण दम घुटना बताया गया है.
इंस्पेक्टर बीबीडी अरविंद कुमार के मुताबिक पूनम के भाई का आरोप है कि दीप सिंह और उसके भाई बलवीर सिंह ने सोची समझी रणनीति के तहत हत्या की है. गला दबाकर हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए शव नहर में फेंका दिया गया था. पूनम ने पहले ही अपनी बहन को बताया था कि पति दूसरी शादी करने के लिए उसे जान से मारने की धमकी देता है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पति दीप कुमार सिंह व अन्य ससुरालीजनों के बयान लिए गए. जिनमें पति के बयानों में काफी विरोधाभास मिला. इसके बाद दीप सिंह व बलवीर सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. स्टेट मेडिको लीगल सेल के विशेषज्ञों की राय मांगी गई है. हत्या की धारा जोड़ने के बाद गहनता से जांच की जा रही है.